31 मई को भोपाल के जंबूरी मैदान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो लाख महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सीएम डॉ मोहन यादव ने 31 मई को भोपाल के जंबूरी मैदान पर देवी अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती के मौके पर होने वाले महिला सम्मेलन की तैयारियों को देखा। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
सीएम ने कहा- जंबूरी मैदान पर रिकॉर्ड बनेगा
जंबूरी मैदान पर निरीक्षण के दौरान सीएम ने कहा- गोविंदपुरा विधानसभा का ये ऐतिहासिक स्थल एक बार फिर रिकॉर्ड बनाएगा। महारानी अहिल्याबाई का अंग्रेजी तिथि के हिसाब से 31 मई को जन्म जयंती वर्ष है। इस मौके पर भारत सरकार और मप्र सरकार ने मिलकर अहिल्या उत्सव के पूरे वर्ष के कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में महिला सम्मेलन का आयोजन होगा।
स्व सहायता समूहों की लखपति दीदियां होंगी कार्यक्रम में शामिल
सीएम ने कहा- हमने निर्णय किया है कि नारियों को स्वरोजगार मिले। उनकी आमदनी बढ़े। घर में उनका सम्मान बढ़े। इसके लिए प्रदेश भर के स्वयं सहायता समूह, जिनमें लखपति दीदियों शामिल हैं, उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित करेंगे।
पीएम मोदी का सपना है कि हमारी बहनें लखपति बनें। इसी प्रकार से उद्यमशीलता में हमारी बहन बेटियां जो काम कर रहीं हैं। उनके कामों का प्रदर्शन करते हुए लगभग दो लाख बहनों का बड़ा आयोजन भोपाल में 31 तारीख को करने वाले हैं।
अब स्व-सहायता समूहों को बडे़ उद्योगों में परिवर्तित कराएंगे
सीएम ने कहा- जैसा हमारा भोपाल हर बार एक रिकॉर्ड बना रहा है। बीते फरवरी में पीएम की मौजूदगी में जीआईएस का आयोजन करके बीते एक वर्ष तक औद्योगिकीकरण का एक बड़ा अभियान चलाया था। उसके एक वर्ष पूरे होने पर विश्व स्तर का कार्यक्रम किया था। बहनों को जोड़कर उसी तरह का कार्यक्रम अहिल्या माता की जयंती पर कर रहे हैं। कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अलग-अलग विभागों में बहनों के कल्याण के जो काम चल रहे हैं। रेहडी पटरी से लेकर लघु कुटीर उद्योग , एमएसएमई और बडे़ उद्योगों के साथ स्वयं सहायता समूहों के बडे़ ग्रुप को उद्योगों में परिवर्तित कराएं।
किसानों के लिए कृषि आधारित नए उद्योगों में बहनों की भागीदारी हो। दुध उत्पादन में स्वयं सहायता समूह भागीदारी निभाकर गोशालाएं चलाए और दूध उत्पादन बढ़ाए। मछली पालन से लेकर हर क्षेत्र में बहनों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों। इस दिशा से यह आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के शब्दों में कहें तो हमारे भारत की प्रगति बगैर बहनों के अधूरी है।
पीएम का करेंगे ऐतिहासिक स्वागत
वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भोपाल आगमन को लेकर मप्र भाजपा इस काम में आज से ही जुट गई है। मुख्यमंत्री जी ने जैसी परिकल्पना दी है। हमारी सरकार के इस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका होगी। नीचे स्तर से कार्यकर्ता जुटेंगे।