सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई। खराबी की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों को कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतारना पड़ा।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI180, बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून की रात 12:45 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरी थी। इस फ्लाइट को कोलकाता से मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था।

लेकिन टेकऑफ से पहले विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण उड़ान में देरी हुई। जब तक इंजीनियरिंग टीम विमान की जांच कर रही थी, यात्रियों को अंदर ही इंतजार करना पड़ा।
इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों को सूचना दी कि सुरक्षा कारणों की वजह से उन्हें फ्लाइट से उतरना पड़ेगा। यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारकर लाउंज में ठहराया गया।

एयर इंडिया की ओर से बताया गया कि फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट या वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया चल रही है।