नई दिल्ली : इन दिनों फ्लाइट में तकनीकी खराबियों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना बुधवार को हुई जब दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा। फ्लाइट में कुल 180 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने सुबह तय समय पर उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही मिनट बाद पायलट को तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिले। सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान को तुरंत दिल्ली एयरपोर्ट लौटाने का फैसला किया। फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
इंडिगो एयरलाइंस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने के लिए मदद दी जा रही है। फिलहाल विमान की जांच की जा रही है और किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
[expander_maker id=”1″ more=”Read more” less=”Read less”]
बाली जा रही फ्लाइट को भी लौटना पड़ा
इससे पहले बुधवार को ही दिल्ली से इंडोनेशिया के बाली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2145 को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। वजह थी – इंडोनेशिया में लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी का अचानक विस्फोट, जिससे भारी मात्रा में राख हवा में फैल गई थी। यह राख फ्लाइट के रास्ते में आ गई और इससे उड़ान को खतरा हो गया।
एयर इंडिया के मुताबिक, जैसे ही पायलट को खतरे का अंदेशा हुआ, उन्होंने फ्लाइट को वापस दिल्ली लौटाने का निर्णय लिया। फ्लाइट सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट आई और यात्रियों को आराम से विमान से उतारा गया। एयर इंडिया ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी और उन्हें होटल, रिफंड या नई टिकट का विकल्प देने की घोषणा की।
12 जून को एक और बड़ा हादसा हुआ जब एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में 268 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल थे।
फिलहाल मृतकों की पहचान डीएनए जांच के जरिए की जा रही है। अब तक 208 लोगों की पहचान हो चुकी है और 173 शव उनके परिवारों को सौंपे जा चुके हैं।
हाल के दिनों में लगातार फ्लाइट्स में तकनीकी समस्याएं और प्राकृतिक आपदाओं के कारण यात्राएं प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस सावधानी बरत रही हैं और वैकल्पिक इंतजाम भी कर रही हैं।
[/expander_maker]



