देवास के ढांचा भवन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक किराए के मकान में दो मासूम बच्चों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 7 साल के हेमंत की मौत दम घुटने से और 3 साल की निशा की मौत बेरहमी से मारपीट के कारण हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या मां के लिव-इन पार्टनर लोकेंद्र उर्फ राहुल मालवीय ने की। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह बच्चों की मां प्रिया यादव उन्हें लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में टूटी चूड़ियां और बिखरा सामान मिला, जिससे बच्चों के साथ हिंसा की पुष्टि हुई।

पति से अलग रहने लगी थी महिला
- मूल रूप से मथुरा की रहने वाली प्रिया ने 2014 में मुरैना के विष्णु कटारा से लव मैरिज की थी।
- विवाद के बाद वह बच्चों के साथ पीथमपुर आ गई और काम करने लगी।
- डेढ़ महीने पहले वह लिव-इन पार्टनर लोकेंद्र के साथ देवास शिफ्ट हुई थी।
बर्थडे पार्टी के बाद हुआ झगड़ा, फिर हत्या
- घटना शुक्रवार रात की है।
- प्रिया, लोकेंद्र और बच्चे पास के घर में बर्थडे पार्टी से लौटे थे।
- शराब के नशे में लोकेंद्र ने प्रिया से झगड़ा किया।
- प्रिया कुछ देर के लिए पड़ोसन रीना के घर चली गई।
- लौटने पर सब सोते मिले।
सुबह बच्चे नहीं जागे तो सामने आई सच्चाई
- शनिवार सुबह लोकेंद्र काम पर निकल गया।
- प्रिया ने बच्चों को जगाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नहीं उठे।
- कंबल हटाया तो बच्चों के मुंह से झाग और खून निकल रहा था।
पुलिस ने किया खुलासा
- थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार, हत्या के बाद लोकेंद्र रात भर घर में ही सोया रहा।
- सुबह 5 बजे पीथमपुर जाने की बात कहकर निकला।
- पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
डेढ़ साल से था संपर्क में
- लोकेंद्र, जो पेशे से ड्राइवर है, डेढ़ साल से प्रिया के संपर्क में था।
- उसने पीथमपुर से देवास लाकर उसे किराए के मकान में रखा।
- उसी मकान में दोनों बच्चों की हत्या कर दी गई।