Eid-ul-Fitr 2026: इस्लाम धर्म का सबसे बड़ा और खुशियों से भरा त्योहार Eid-ul-Fitr हर साल पूरे दुनिया में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है. साल 2026 में भारत में ईद 20 या 21 मार्च को मनाए जाने की संभावना जताई जा रही है, जो चांद दिखने पर निर्भर करती है. देशभर में लोग चांद के दीदार का इंतजार कर रहे हैं, वहीं कुछ इलाकों में यह त्योहार एक दिन पहले भी मनाया जा चुका है. यह केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता का भी एक सुंदर उदाहरण है.
बिहार के गांवों में एक दिन पहले ईद क्यों?
Nalanda जिले के सिलाव प्रखंड के बड़ाकर और आसपास के गांवों में इस बार ईद एक दिन पहले यानी शुक्रवार को ही मनाई गई. गुरुवार शाम जैसे ही चांद का दीदार हुआ, गांवों में जश्न शुरू हो गया.
इसके पीछे एक खास वजह है. इन गांवों का है “सऊदी कनेक्शन”. यहां के कई लोग Saudi Arabia में काम करते हैं और वर्षों से वहां के चांद के हिसाब से ही अपने गांव में ईद मनाने की परंपरा चली आ रही है. इसलिए जब सऊदी अरब में चांद दिखाई देता है, तो ये गांव उसी के अनुसार त्योहार मनाते हैं.
ईद-उल-फितर का इतिहास क्या है?
ईद-उल-फितर की शुरुआत इस्लाम के पैगंबर Prophet Muhammad के समय से मानी जाती है. इस्लामिक परंपरा के अनुसार, मदीना में हिजरत के बाद दो खास त्योहारों की शुरुआत हुई ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा.
ईद-उल-फितर रमजान के महीने के खत्म होने पर मनाई जाती है. रमजान वह महीना है जिसमें, रोजा रखा जाता है. आत्मसंयम सीखा जाता है और जरूरतमंदों की मदद की जाती है. ईद इस पूरे महीने की इबादत का इनाम मानी जाती है.
क्यों अलग-अलग दिन मनाई जाती है ईद?
यह सवाल हर साल लोगों के मन में आता है कि ईद अलग-अलग जगहों पर अलग दिन क्यों होती है. इसका कारण है, इस्लामिक कैलेंडर (हिजरी कैलेंडर). यह कैलेंडर पूरी तरह चंद्रमा पर आधारित होता है. इसके मुख्य कारण है की चांद हर जगह एक साथ दिखाई नहीं देता. मौसम और भौगोलिक स्थिति अलग होती है, और अलग-अलग देशों की धार्मिक समितियां चांद की पुष्टि करती हैं.
इसलिए सऊदी अरब में एक दिन और भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में दूसरे दिन ईद मनाई जा सकती है.
चांद रात का खास महत्व
ईद से एक दिन पहले की शाम को “चांद रात” कहा जाता है. इस दिन बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, महिलाएं मेहंदी लगाती हैं, लोग नए कपड़े खरीदते हैं और मिठाइयों और सेवइयों की तैयारी होती है. यह रात उत्साह और खुशी से भरी होती है.
ईद के दिन क्या किया जाता है?
ईद का दिन खास तौर पर इबादत और खुशी का होता है. सुबह स्नान करके नए कपड़े पहने जाते हैं और मस्जिद या ईदगाह में नमाज अदा की जाती है. इसके बाद एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा जाता है. गरीबों को जकात और फितरा दिया जाता है और घरों में सेवइयां और पकवान बनाए जाते हैं.
ईद की नमाज का विशेष महत्व होता है. India सहित दुनिया भर में लोग मस्जिदों और ईदगाहों में इकट्ठा होकर नमाज अदा करते हैं. इसके बाद मुल्क की तरक्की, शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी जाती है.
ईद केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, एकता और समानता का प्रतीक भी है. इस दिन अमीर-गरीब, छोटे-बड़े सभी लोग एक साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं.
बच्चों और परिवारों के लिए खुशियों का त्योहार
ईद-उल-फितर खास तौर पर बच्चों के लिए बेहद खास दिन होता है. इस दिन बच्चों को “ईदी” दी जाती है, जो उनके लिए सबसे बड़ी खुशी होती है. नए कपड़े पहनना, दोस्तों के साथ घूमना और तरह-तरह के पकवान खाना इस दिन को और भी यादगार बना देता है.परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर खाना खाते हैं, रिश्तेदारों से मिलते हैं और पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नई शुरुआत करते हैं. यही वजह है कि ईद को रिश्तों को मजबूत करने वाला त्योहार भी कहा जाता है.
ईद के मौके पर महिलाओं की तैयारी भी खास होती है. नए कपड़े और ज्वेलरी, हाथों में मेहंदी, घर की सजावट और तरह-तरह के व्यंजन बनाना. ईद की रौनक में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम होती है.
अलग-अलग देशों में ईद का रंग
दुनिया के अलग-अलग देशों में ईद अलग-अलग अंदाज में मनाई जाती है, लेकिन भावना एक ही रहती है, खुशी और भाईचारा.
- Saudi Arabia में भव्य नमाज और बड़े सामूहिक आयोजन होते हैं.
- Turkey में इसे “शेकर बायराम” कहा जाता है और मिठाइयों का खास महत्व होता है.
- Indonesia में लोग अपने गांव लौटकर परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं.
- Pakistan में चांद रात की खरीदारी और ईद मेलों का अलग ही उत्साह होता है.
आज के डिजिटल युग में ईद मनाने का तरीका भी बदल रहा है. सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं, वीडियो कॉल के जरिए परिवार से जुड़ना और ऑनलाइन शॉपिंग. हालांकि तकनीक ने तरीके बदले हैं, लेकिन त्योहार की भावना आज भी वैसी ही.
Read Related News: पश्चिम बंगाल को लेकर केजरीवाल का हमला, ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल



