बीते 12 घंटों से हो रही मूसलधार बारिश ने गुजरात के अहमदाबाद शहर को बाढ़ जैसे हालात में ला खड़ा किया है। मणिनगर, वटवा, सीटीएम, हाटकेश्वर, निकोल, ओधव और विराट नगर सहित पूर्वी क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव हो गया है।
बारिश के पानी के तेज बहाव में एक बाइक सवार युवक ड्रेनेज लाइन में बह गया। दमकल विभाग ने करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव ड्रेनेज से लगभग 200 फीट दूर बरामद किया। इस मानसून सीजन में अब तक अहमदाबाद में 6.03 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सूरत में भी तीसरे दिन बाढ़ जैसे हालात: शहर के गीतानगर इलाके में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। यहां एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर फायर ब्रिगेड टीम ने उसे रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
[expander_maker id=”1″ more=”Read more” less=”Read less”]
हिमाचल प्रदेश: बादल फटने की 5 घटनाएं, 2 की मौत
हिमाचल के कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे में बादल फटने की पांच घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके चलते आई अचानक बाढ़ में कई लोग बह गए। अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। कुल्लू जिले के सैंज घाटी स्थित जीवा नाला में बादल फटने से एनएचपीसी की परियोजना को गंभीर नुकसान हुआ है। इसके अलावा कुल्लू में करीब 2 हजार टूरिस्ट फंसे हुए हैं। डैम से पानी छोड़े जाने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का असर
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक ही दिन में 8 इंच बारिश दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
जम्मू-कश्मीर के डोडा-भद्रवाह मार्ग पर प्रानू के पास अचानक आई बाढ़ ने सड़क मार्ग बंद कर दिया है और कई वाहन फंस गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
अन्य राज्यों का मौसम अपडेट
पश्चिम बंगाल: 1 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल-ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते चेतावनी दी गई है। मछुआरों और आम लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे से अधिक हो सकती है।
ओडिशा: राज्य के मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जाजपुर और कटक जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी है। समुद्र में 4.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है, जिससे तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
[/expander_maker]



