Hardik Pandya Flag Complaint: भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरे देश में जश्न का माहौल है, वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya एक नए विवाद में घिर गए हैं। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद जश्न के दौरान तिरंगे के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह शिकायत पुणे के एक वकील द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जीत के जश्न के बीच उठा विवाद
बता दें कि हाल ही में खेले गए ICC Men’s T20 World Cup के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ी मैदान पर तिरंगा लेकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें हार्दिक पंड्या तिरंगा अपने कंधों पर लपेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो के आधार पर आरोप लगाया गया कि जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूरी तरह ध्यान नहीं रखा गया। इसके बाद पुणे के एक वकील ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
किसने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार यह शिकायत पुणे के वकील Wajid Khan Bidkar ने दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने पुणे के Shivajinagar Police Station में आवेदन दिया है। जिसके बाद शिकायत में कहा है कि वर्ल्ड कप फाइनल के बाद हुए जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटकर डांस किया और बाद में उसी स्थिति में मंच पर लेटते हुए दिखाई दिए। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है। वकील ने अपने आवेदन में कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की पहचान और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए उसके साथ किसी भी प्रकार की असम्मानजनक गतिविधि नहीं होनी चाहिए।
किस कानून के तहत की गई शिकायत
दरअसल, शिकायत में Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 का हवाला दिया गया है। इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की रक्षा की जाती है। जिसमें कानून की धारा 2 के अनुसार यदि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करता है या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हरकत करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि वायरल वीडियो में दिखाई गई गतिविधि को कानूनी रूप से अपमान माना जाएगा या नहीं। यह फैसला जांच के बाद ही लिया जा सकता है।
पुलिस ने क्या कहा
दरअसल,जब शिकायतकर्ता पुलिस स्टेशन पहुंचे तो शुरुआत में पुलिस ने अधिकार क्षेत्र (जूरिस्डिक्शन) का मुद्दा उठाया। क्योंकि यह घटना अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने कहा कि मामला वहीं दर्ज होना चाहिए जहां घटना हुई है। लेकिन शिकायतकर्ता का कहना था कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए उसकी शिकायत कहीं भी दर्ज की जा सकती है। आखिरकार पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया और शिकायत की एक कॉपी भी शिकायतकर्ता को दे दी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
बताया जा रहा है कि यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं। जिसमें कुछ लोग इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे सिर्फ जश्न का हिस्सा मान रहे हैं। जिसमें कई क्रिकेट प्रशंसकों का कहना है कि खिलाड़ी देश के लिए जीत हासिल करने के बाद खुशी में तिरंगा ओढ़कर जश्न मनाते हैं और इसका उद्देश्य कभी भी अपमान करना नहीं होता। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट नियम हैं और खिलाड़ियों सहित सभी नागरिकों को उनका पालन करना चाहिए।
शानदार प्रदर्शन के बावजूद विवाद
अब इस विवाद के बावजूद हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। जिसमें उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दिया है। साथ ही, टूर्नामेंट के दौरान हार्दिक ने कुल 9 विकेट लिए और दो अर्धशतक भी लगाए। नामीबिया के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली थी। उनके इस प्रदर्शन की वजह से उन्हें International Cricket Council की “टीम ऑफ द टूर्नामेंट” में भी शामिल किया गया।मैच के बाद इंटरव्यू में हार्दिक ने भावुक होते हुए कहा था कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है और उन्होंने खुद से वादा किया था कि टीम को और मजबूत बनाएंगे।
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने रचा इतिहास
बता दें कि फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने कई नए रिकॉर्ड भी बनाए। भारत अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं,भारत इससे पहले 2007 और 2024 में भी टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका था। अब 2026 में तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर भारत इस टूर्नामेंट का सबसे सफल देश बन गया है।
अब आगे क्या हो सकता है
जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला शुरुआती चरण में है। जिसमें पुलिस शिकायत की जांच कर सकती है और वायरल वीडियो की सच्चाई की पड़ताल की जाएगी। यदि जांच में कोई कानूनी उल्लंघन सामने आता है तो आगे की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि कई बार इस तरह के मामलों में शिकायत दर्ज होने के बाद जांच में यह भी पाया जाता है कि खिलाड़ी का इरादा अपमान करने का नहीं था, बल्कि वह सिर्फ जीत का जश्न मना रहा था। अब अंतिम फैसला जांच के बाद ही सामने आएगा।
ये भी पढ़ें: 13 और 14 मार्च को लगातार बंद रहेंगे बैंक! जाने से पहले चेक करें छुट्टियों की पूरी लिस्ट



