पति शराब पीकर करता था पिटाई
ये मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर का है। यहां आबिद नाम के शख्स की शादी आठ साल पहले राशिदा से हुई थी। शादी के बाद से आबिद राशिदा के मायके में ही रह रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं — चार साल की बेटी जायरा और दो साल का बेटा जैद।
कुछ महीनों से आबिद शराब का आदी हो गया था और काम पर भी नहीं जाता था। रोज शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था।
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
बुधवार दोपहर जब आबिद फिर शराब पी रहा था और राशिदा ने मना किया, तो उसने डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इससे तंग आकर राशिदा ने घर में रखी सल्फास की गोलियां पानी में घोलकर पहले दोनों बच्चों को दी और फिर खुद भी पी ली।
हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उन्हें लक्ष्य अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर राशिदा को कैलाशी अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 10 बजे बेटी जायरा की मौत हो गई।
पति फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही आबिद घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए। अपर नगर मजिस्ट्रेट रश्मि ने भी अस्पताल जाकर जानकारी ली।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर आबिद के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला और उसका बेटा अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टर ने कहा है कि अगले 24 घंटे बेहद नाजुक हैं।