मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के घरों को भी नहीं बख्शा। बीती रात देवास स्थित जिला जेल परिसर में पुलिसकर्मियों के चार सरकारी क्वार्टरों में चोरी की वारदात हुई। इस दौरान हेड कांस्टेबल सुरेश बरड़ के घर से करीब ₹15 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर चोर हाथ साफ कर गए। इसके अलावा प्रहरी रेखा पाटीदार, भगवान दीन बेदी और अंजुम खान के घरों में भी चोरी की घटना हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस को आशंका है कि चोर जेल परिसर की टूटी हुई दीवार फांदकर अंदर घुसे होंगे। इस घटना ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नाहर दरवाजा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खुला घूमता दिखा कैदी
उप अधीक्षक अनिल आनंद दुबे ने जानकारी दी कि चोरी की सूचना पुलिस को दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि दीवार की खराब हालत की जानकारी प्रशासन को पहले ही दे दी गई थी। घटना के समय कुछ पुलिसकर्मी अपने घर पर मौजूद नहीं थे। गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी इसी जेल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक कैदी मोबाइल फोन पर बात करते हुए दिखा था।