Raghav Chadha News: आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके वरिष्ठ नेता Raghav Chadha के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। दरअसल राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पार्टी नेतृत्व को सीधा जवाब दिया है। जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी खामोशी को उनकी हार नहीं समझा जाए।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल 2 अप्रैल गुरुवार को Aam Aadmi Party (AAP) ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि उन्हें सदन में बोलने के लिए निर्धारित समय न दिया जाए। उनके स्थान पर पंजाब से सांसद Ashok Mittal का नाम प्रस्तावित किया गया। इस फैसले के कुछ घंटों बाद ही राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
राघव चड्ढा का बयान
राघव चड्ढा ने अपने वीडियो संदेश में कहा, “मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना, मैं वो दरिया हूं जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।जिसके बाद उन्होंने आगे कहा कि वे हमेशा संसद में जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं और यही उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता के मुद्दे उठाना अपराध है।
Silenced, not defeated
My message to the ‘aam aadmi’
—
खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ'आम आदमी’ को मेरे संदेश pic.twitter.com/poUwxsu0S3
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 3, 2026
जनता के मुद्दों पर जोर
राघव चड्ढा ने अपने बयान में कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का मौका मिला, उन्होंने आम आदमी से जुड़े मुद्दों को उठाया। इनमें मध्यम वर्ग पर टैक्स का बोझ, डेटा वैधता (डेटा एक्सपायरी), पितृत्व अवकाश और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सामान शुल्क जैसे विषय शामिल रहे हैं। उनका कहना है कि उनके उठाए गए मुद्दों से जनता को फायदा हुआ, लेकिन पार्टी को शायद यह रास नहीं आया।
AAP और चड्ढा के रिश्तों में दरार
जानकारी के लिए बता दें कि एक समय में राघव चड्ढा को पार्टी प्रमुख Arvind Kejriwal का बेहद करीबी माना जाता था। वह पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते थे और दिल्ली व पंजाब में पार्टी को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही। लेकिन पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच दूरी बढ़ती नजर आई। पार्टी के कई अहम कार्यक्रमों में उनकी अनुपस्थिति ने भी अटकलों को हवा दी।
विवाद की बड़ी वजहें
- राजनीतिक चुप्पी: पार्टी से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर राघव चड्ढा की चुप्पी सवालों के घेरे में रही।
- केजरीवाल की गिरफ्तारी के दौरान अनुपस्थिति: मार्च 2024 में आबकारी नीति मामले में Arvind Kejriwal की गिरफ्तारी के समय चड्ढा विदेश में थे।
- महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से दूरी: केजरीवाल की रिहाई के बाद भी वह कई बड़े कार्यक्रमों, प्रेस कॉन्फ्रेंस और रैलियों से दूर रहे।
- चुनावी जिम्मेदारियों से अलगाव: पार्टी नेताओं का दावा है कि उन्हें धीरे-धीरे संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अलग किया जा रहा था।
पार्टी का पक्ष
दरअसल आम आदमी पार्टी (AAP) का कहना है कि राघव चड्ढा पार्टी की लाइन को प्रभावी तरीके से नहीं रख पा रहे थे। जिसमें पार्टी के भीतर यह भी चर्चा रही कि वह संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं हैं। हालांकि, ऑफिशियल तौर पर पार्टी ने इस फैसले के पीछे विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए हैं।
राजनीतिक संकेत क्या हैं?
राजनीतिक एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह विवाद केवल एक पद से हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पार्टी के भीतर गहरे मतभेदों की ओर इशारा करता है। राघव चड्ढा का बयान यह संकेत देता है कि वह अभी पीछे हटने के मूड में नहीं हैं और भविष्य में बड़ा कदम उठा सकते हैं।
क्या बढ़ेगी टकराव की राजनीति?
राघव चड्ढा ने अपने बयान में समर्थकों से साथ बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा,“मैं आपसे हूं और आपके लिए हूं। आप मेरा हाथ थामे रखिए।” इस बयान से साफ है कि वह जनता के बीच अपनी पकड़ बनाए रखना चाहते हैं और सीधे संवाद की रणनीति अपना रहे हैं।
अब आगे क्या होगा?
- इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है।
- क्या राघव चड्ढा पार्टी में बने रहेंगे।
- क्या AAP इस विवाद को सुलझाने की कोशिश करेगी या यह टकराव और बढ़ेगा।



