अगर आपने भी संजीव भसीन के बताए हुए शेयर खरीदे हैं, तो जरा सतर्क हो जाइए। शेयर बाजार की निगरानी करने वाली संस्था SEBI (सेबी) ने संजीव भसीन और उनके साथ जुड़े 11 लोगों पर बड़ी कार्रवाई की है। सेबी ने इन सभी को शेयर बाजार से बैन कर दिया है। यानी अब ये लोग अगली सूचना तक शेयर बाजार में कोई भी खरीद-बिक्री नहीं कर सकेंगे।
क्या है मामला?
सेबी की जांच में सामने आया है कि संज़ीव भसीन पहले खुद शेयर खरीदते थे। इसके बाद वो उन शेयरों को टीवी चैनलों, सोशल मीडिया और IIFL प्लेटफॉर्म पर लोगों को खरीदने के लिए सुझाते थे। जब लोग उनके कहने पर शेयर खरीदते, तो उस शेयर का दाम बढ़ जाता। जैसे ही कीमत बढ़ती, भसीन अपने शेयर बेचकर मुनाफा कमा लेते थे। इस तरह उन्होंने करीब 11.37 करोड़ रुपये का फायदा उठाया।
शेयर बाजार की भाषा में इस चाल को ‘पंप एंड डंप’ कहा जाता है।
सेबी ने क्या कार्रवाई की?
- सेबी ने भसीन समेत 12 लोगों पर तत्काल ट्रेडिंग बैन लगा दिया है।
- इन लोगों की 11.37 करोड़ रुपये की कमाई जब्त कर ली गई है।
- यह रकम अब सेबी के कंट्रोल में फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी जाएगी।
- सेबी ने इस पूरे मामले में 149 पन्नों का अंतरिम आदेश जारी किया है।
कैसे हुई पूरी साजिश?
भसीन IIFL के साथ डायरेक्टर या कंसल्टेंट के रूप में जुड़े थे।
सेबी के अनुसार, उन्होंने TV, सोशल मीडिया, IIFL और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके लोगों को प्रभावित किया।
भसीन ने RRB मास्टर सिक्योरिटीज दिल्ली लिमिटेड के जरिए खरीद-बिक्री के ऑर्डर दिए। सेबी ने इस कंपनी को भी बैन कर दिया है।
कब से चल रहा था खेल?
सेबी ने जनवरी 2020 से जून 2024 के बीच की जांच की।
जून 2024 में सेबी ने भसीन के ऑफिस और उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज से जरूरी डेटा भी जब्त किया।