देवों के देव महादेव की साधना-आराधना के लिए श्रावण मास को सबसे ज्यादा शुभ माना गया है।
यही कारण है कि न सिर्फ हर शिव भक्त बल्कि सिद्ध योगियों को भी इस पावन मास का इंतजार रहता है।
हिंदू मान्यता के अनुसार श्रावण में यदि कोई व्यक्ति शिवलिंग पर जल चढ़ाए तो उसपर महादेव की कृपा होती है।
सिर्फ जल और पत्र चढ़ाने से भी महादेव खुश हो जाते हैं। आइए जानते हैं शिव साधना के बड़े लाभ के बारे में।
1. शिव दूर करेंगे सारे भय
भगवान शंकर को मृत्यु पर विजय पाने वाले देवता के रूप में पूजा जाता है। उनका एक नाम मृत्युंजय भी है।
महामृत्युंजय मंत्र के बारे में मान्यता है कि रुद्राक्ष की माला से इसका जप करने पर व्यक्ति सभी प्रकार के भय से मुक्त होता है।
साधक को कभी स्वप्न में भी अकाल मृत्यु का भय नहीं सताता।
महादेव की पूजा में जपा जाने वाला यह पावन मंत्र सभी प्रकार के अनहोनी से बचाता है।
2. शिव साधक का भरा रहता है धन का भंडार
भगवान शिव को कुबेर का अधिपति माना गया है। यही कारण है कि भगवान शिव की साधना सुख-संपत्ति के साथ धन से जुड़ी मनोकामना को पूरा करने वाली मानी गई है।
आप इस पावन श्रावण मास में शिव साधना करके उनकी कृपा भी प्राप्त कर सकते हैं।
3. महादेव दूर करेंगे सारे रोग-शोक
हिंदू मान्यता के अनुसार भगवान शिव की पूजा सभी प्रकार के रोग-शोक और ताप को दूर करने वाली है।
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक देवघर स्थित वैद्यनाथ धाम ऐसी ही कामनाओं को पूरा करने वाला माना गया है।
यह पावन स्थान है जहां शिव भक्तों को आरोग्यता का वरदान मिलता है।
मान्यता है कि इस शिव स्थान के दर्शन, पूजन और सुमिरन मात्र से साधक सुखी और निरोगी रहता है।
4. महादेव की साधना से मिलेगा मोक्ष
सनातन परंपरा में शिव को कल्याण का देवता माना गया है।
हिंदू मान्यता के अनुसार प्रतिदिन तन और मन से पवित्र होकर शिव साधना करने वाले साधक पर महादेव की कृपा बनी रहती है।
ऐसा साधक शिव के समान ही तेज को प्राप्त करता है और सभी सुखों को भोगते हुए अंत समय में शिवत्व में लीन हो जाता है।
अर्थात् वह जन्म-मरण के चक्र से मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त होता है।
5. तब मिलता है सुखी दांपत्य और संतान सुख
सनातन परंपरा में भगवान शिव एक ऐसे देवता हैं जिनका भरा-पूरा परिवार है।
यही कारण है कि सुखमय वैवाहिक जीवन और संतान के लिए शिव साधना अत्यंत ही शुभ मानी गई है।
यदि आप भी इनमें से किसी भी सुख से अब तक वंचित हैं तो आपको पूरे श्रावण मास में शिव परिवार की विशेष रूप से साधना-आराधना करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: सावन 2025: इन 3 राशियों के लिए होगा सबसे शुभ, बदल जाएगी आपकी तकदीर
6. भोलेनाथ चमकाएंगे आपकी किस्मत
हिंदू धर्म में रुठे भाग्य को मनाने के लिए शिव साधना को बड़ा उपाय बताया गया है।
मान्यता है कि श्राावण मास में की जाने वाली शिव साधना जीवन से जुड़ी सभी अड़चनों को दूर कर किस्मत संवार देती है।
यही कारण है कि इस पावन मास में हर शिवालय में भोले के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है.
7. शत्रुओं पर विजय दिलाती है शिव साधना
कालों का काल यानि महाकाल कहे जाने वाले महादेव की साधना साधक को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता और विजय दिलाती है।
यदि आप जीवन में किसी शत्रु अथवा बाधा को लेकर परेशान हैं तो आपके लिए शिव साधना अत्यंत ही कल्याणकारी है।