महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को मुलुंड, दहिसर, महालक्ष्मी रेस कोर्स और बीकेसी में क्षेत्रीय अस्पतालों को जनता को समर्पित किया। इन नए अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों के लिए 3250 बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया कि इस ऑनलाइन कार्यक्रम में मंत्री असलम शेख और आदित्य ठाकरे तथा मुंबई के महापौर किशोरी पेडनेकर भी मौजूद थे। मुलुंड में 1700 बिस्तरों की क्षमता वाले समर्पित कोविड-19 स्वास्थ्य केंद्र को राज्य सरकार की नियोजन एजेंसी सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कोरपोरेशन (सिडको) ने स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार दहिसार (पूर्व) में मुंबई मेट्रो की मदद से 900 बिस्तरों वाले एक
स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गयी है। महालक्ष्मी रेसकोर्स में 700 बिस्तरों वाला ऐसा ही स्वास्थ्य
केंद्र खोला गया है, जबकि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एक ऐसे की सुविधा केंद्र में 112 आईसीयू बेड
हैं। इसे मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट ऑथोरिटी ने तैयार किया है। दहिसर (पश्चिम) में
108 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल खोला गया है। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका के अनुसार
मुंबई में कोविड-19 संक्रमण से उबरने की दर 67 फीसद है।