Vande Mataram: लोकसभा में आज सोमवार को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर एक विशेष चर्चा हुई। इस बहस की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विस्तृत भाषण से हुई। पीएम मोदी ने इस दौरान इतिहास से जुड़े कई बड़े सवाल उठाए और साथ ही महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू से लेकर मोहम्मद अली जिन्ना का भी जिक्र किया। जहां उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के साथ “अन्याय” हुआ और इसे राजनीतिक दबावों में विवादों में घसीटा गया।
[expander_maker id=”1″ more=”Read more” less=”Read less”]
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
संसद में प्रधानमंत्री ने कहा कि 1905 में महात्मा गांधी ने वंदे मातरम् को नैशनल एंथम जैसा सम्मान दिया था। उन्होंने कहा कि जिन्ना के विरोध के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने गीत की “पड़ताल” शुरू की और 1937 में वंदे मातरम् के उपयोग पर समीक्षा का निर्णय लिया, जो देशभर में चिंता का कारण बना।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के दबाव में झुकी और इसी तुष्टिकरण की राजनीति ने आगे चलकर देश के विभाजन की भूमि तैयार की।
वंदे मातरम् के गौरव को स्थापित करने का अवसर
पीएम मोदी ने कहा कि “वंदे मातरम् की 150 साल की यात्रा कई दौरों से गुज़री है। जब 50 साल पर देश गुलाम था, 100 साल पर आपातकाल की बेड़ियाँ थीं और अब 150 साल पर हमें उसके गौरव को फिर से स्थापित करने का अवसर मिला है।”
विपक्ष ने किया पलटवार
संसद में इस विशेष चर्चा पर विपक्ष ने जोरदार पलटवार किया। कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का दर्जा कांग्रेस ने ही दिया और संविधान सभा में मुस्लिम लीग के विरोध को स्पष्ट रूप से खारिज किया गया था।
संसद में उन्होंने याद दिलाया कि राजेंद्र प्रसाद, मौलाना आजाद, पंत और सी. राजगोपालाचारी जैसे दिग्गजों ने सर्वसम्मति से इसे राष्ट्रीय गीत बनाने का समर्थन किया था।

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
वही, प्रियंका गांधी ने चर्चा को “देश की असल समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश” बताते हुए कहा कि बेरोज़गारी, महंगाई, पेपर लीक, आरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार बात नहीं करना चाहती। उन्होंने यह भी कहा कि “मोदी जी जितने साल प्रधानमंत्री रहे, नेहरू जी उससे ज़्यादा साल देश के लिए जेल में रहे। अगर नेहरू न होते, तो इसरो, DRDO, IIT, AIIMS और देश की वैज्ञानिक सोच अस्तित्व में नहीं होती।”
[/expander_maker]



