भारतीय रेलवे ने वंदे भारत ट्रेनों के यात्रियों के लिए राहत देने वाला बड़ा कदम उठाया है। अब चुनी गई 8 वंदे भारत ट्रेनों के टिकट स्टेशन पहुंचने से केवल 15 मिनट पहले तक बुक किए जा सकते हैं। रेलवे ने अपनी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) में यह बदलाव किया है, जिससे ‘करंट बुकिंग’ की सुविधा और भी आसान हो गई है और यात्रियों को यात्रा में अधिक लचीलापन मिलेगा।
कौन-कौन सी वंदे भारत ट्रेनों पर मिलेगा फायदा?
इन 8 वंदे भारत ट्रेनों पर नया नियम लागू हुआ है:
- ट्रेन संख्या 20631 – मंगलुरु सेंट्रल से तिरुवनंतपुरम सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20632 – तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से मंगलुरु सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20627 – चेन्नई एगमोर से नागरकोइल वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20628 – नागरकोइल से चेन्नई एगमोर वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20642 – कोयंबटूर से बेंगलुरु कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20646 – मंगलुरु सेंट्रल से मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20671 – मदुरै से बेंगलुरु कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 20677 – डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से विजयवाड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस

यात्रियों को क्या होगा फायदा?
• अब मार्ग में आने वाले स्टेशनों से भी यात्रा से ठीक 15 मिनट पहले तक खाली सीटों की ‘करंट बुकिंग’ की जा सकेगी।
• इससे सीटें यूं ही खाली नहीं जाएँगी और रेलवे को आय में भी बढ़ोतरी होगी।
• यात्रियों को प्लान बदलने या आखिरी समय में टिकट चाहने पर बड़ी राहत मिलेगी, खासकर आपात स्थितियों में।
वंदे भारत ट्रेनें देशभर में
इस समय देशभर में कुल 144 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। रेल मंत्रालय के अनुसार, इन ट्रेनों की औसत ऑक्यूपेंसी 102% से भी ज्यादा है, यानी सीटों की काफी डिमांड है और यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अगले महीनों में और रूट्स पर भी वंदे भारत शुरू होने की योजना है।
रेलवे का यह कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ सीटों की बेहतर उपयोगिता को बढ़ाएगा। अब वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करना और भी आसान हो गया है।
यह भी पढ़ें: हाइवे पर अचानक ब्रेक लगाया तो जाओगे जेल, सुप्रीम कोर्ट का नया फैसला