Delhi Budget Highlights: दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए आम जनता, खासकर महिलाओं, छात्रों और गरीब वर्ग के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बजट को विकास और कल्याण का संतुलित पैकेज बताया है। वहीं,इस बार का बजट 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और महिला सशक्तिकरण पर खास ध्यान दिया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि बजट में 9वीं कक्षा की छात्राओं को मुफ्त साइकिल, 10वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने की योजना भी पेश की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में नए अस्पताल, मुफ्त जांच और आयुष्मान केंद्र खोलने पर जोर दिया गया है। जिसमें कुल मिलाकर यह बजट दिल्ली के हर वर्ग को राहत देने और सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा अहम कदम माना जा रहा है।
बेटियों के लिए साइकिल और मुफ्त बस यात्रा
सरकार ने छात्राओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली करीब 1.3 लाख बेटियों को मुफ्त साइकिल दी जाएगी। इसके लिए 90 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसका मकसद लड़कियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा देना और ड्रॉपआउट दर कम करना है। इसके साथ ही महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को भी जारी रखा गया है। सरकार ने इसके लिए 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। जिसमें “पिंक कार्ड” और “पिंक सहेली कार्ड” के जरिए यात्रा को आसान और पारदर्शी बनाया जाएगा।
मेधावी छात्रों को मिलेगा फ्री लैपटॉप
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 10वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने की घोषणा की है। इसके लिए 10 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।इसके अलावा दिल्ली के स्कूलों के लिए 19,148 करोड़ रुपये का बड़ा बजट आवंटित किया गया है। स्कूलों के निर्माण और विस्तार के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बता दें कि सरकार ने पिछले साल 7000 स्मार्ट क्लास बनाए थे और अब अगले साल 8777 और स्मार्ट क्लास बनाने का लक्ष्य रखा है।
महिलाओं के लिए ₹2500 हर महीने
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने “महिला समृद्धि योजना” का ऐलान किया है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2500 दिए जाएंगे। साथ ही, इस योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके अलावा महिलाओं के लिए 1000 ई-ऑटो परमिट और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए 100 परमिट देने की भी घोषणा की गई है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार
जानकारी के लिए बता दें कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 12,645 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। सरकार ने “अनमोल योजना” शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत दिल्ली में जन्मे हर बच्चे के 56 मेडिकल टेस्ट मुफ्त होंगे। वहीं, दिल्ली में
- 750 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे।
- डिजिटल ब्लड बैंक बनाया जाएगा।
- रियल टाइम वेंटिलेटर ट्रैकिंग सिस्टम लागू होगा।
शिक्षा और मेडिकल सुविधाओं का विस्तार
जानकारी के लिए बता दें कि सरकार ने मेडिकल शिक्षा को भी मजबूत करने का फैसला लिया है। जिसमें अब द्वारका में एक नया मेडिकल कॉलेज भी बनाया जाएगा। साथ ही दिल्ली में पहला सैनिक स्कूल खोलने का ऐलान किया गया है।
- MBBS सीटें 595 से बढ़ाकर 820
- PG सीटें 593 से बढ़ाकर 762
गरीबों के लिए मुफ्त खाना और सिलेंडर
अब झुग्गी बस्तियों और जरूरतमंद लोगों के लिए सरकार ने अटल कैंटीन योजना के तहत 634 करोड़ रुपये का बजट रखा है।
इसके अलावा मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार होली और दिवाली जैसे त्योहारों पर यह सहायता सीधे लोगों के खाते में भेजेगी।
परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
बता दें कि दिल्ली में ट्रांसपोर्ट सेक्टर को सबसे ज्यादा 8374 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
- अब अगले साल तक 5800 इलेक्ट्रिक बसें होंगी।
- कुल बसों की संख्या 7500 तक पहुंचेगी।
- मेट्रो विस्तार के लिए 2885 करोड़ रुपये।
बिजली और पानी पर राहत जारी
सरकार का कहना है कि मुफ्त बिजली योजना जारी रहेगी। इसके लिए 3942 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। वहीं,दिल्ली में 100% बिजली कवरेज और 93.5% घरों तक पाइप्ड पानी पहुंचाने का दावा किया गया है।
ग्रीन बजट पर्यावरण पर खास ध्यान
जानकारी के लिए बता दें कि इस बार के बजट का 21% हिस्सा पर्यावरण संरक्षण के लिए रखा गया है। जिसमें सरकार ने साफ कहा है कि हर योजना को “ग्रीन लेंस” से देखा गया है, यानी विकास के साथ पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें: PM Modi Speech Today: पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा,53 लाख टन तेल रिजर्व और पीएम मोदी की तैयारियां



