मुंबई में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने लोगों के लिए मुश्किले खड़ी कर दी है। बताया जा है कि आज यानी मंगलवार को हुई भारी बारिश के चलते शहर की रफ्तार को भी थाम दिया है। पिछले कुछ घंटों से लगातार 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव स्थिति बन गई है। बता दें कि बारिश का असर सिर्फ सड़कों और रेल सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। आज शाम के समय बारिश ने मोनोरेल पर भी अपना असर डाला है।
मोनोरेल में 550 से अधिक यात्री थे सवार
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच एक मोनोरेल तकनीकी खराबी के चलते और बिजली आपूर्ति बाधित होने से एलिवेटेड ट्रैक पर ही बंद हो गई और यात्रा बीच में ही फंस गए। बताया जा रहा है कि इस मोनोरेल में 550 से अधिक यात्री सवार थे। ट्रेन अचानक से बंद होने से एयर कंडीशनर और ऑटोमैटिक दरवाजे भी बंद हो गए, जिससे यात्रियों को घुटन होने लगी।
3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
ट्रेन में फसे यात्रियों ने तुरंत बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बीएमसी की टीमें यात्री को बचाने के लिए पहुंचीं। तीन स्नोर्कल व्हीकल और बड़ी क्रेन की मदद से लगभग 3 घंटे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बहार निकाला गया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में फिलहाल सभी व्यक्ति सुरक्षित है।
मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने बयान जारी करते हुए कहा कि मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास मोनोरेल रुकी थी। सूचना मिलते ही हमारी तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। MMRDA ने कहा है कि सामान्य सेवाएं जल्द बहाल कर दी जाएंगी।
20 किलोमीटर लंबा है मुंबई मोनोरेल का रूट
मुंबई मोनोरेल का रूट करीब 20 किलोमीटर तक लंबा है, जो चेंबूर से शुरू होकर संत गाडगे महाराज चौक तक जाता है। इस दौरान इसमें वडाला और भक्ति पार्क जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन भी आते हैं। इस रूट पर ट्रेन सेवा साल 2014 में शुरू की गई थी। यात्रियों के लिए इसमें किराया 10 से 40 रुपये तक है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में उन्होंने लोगों से अपील की कि वह घबराए नहीं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और तेजी से काम कर रही है।
ये भी पढ़ें: ISRO भारत का सबसे बड़ा रॉकेट बनाने पर कर रहा काम, देश के अंतरिक्ष मिशन और होंगे मजबूत