Sarkari Naukri 2026: देश में लाखों युवा सरकारी नौकरी की तैयारी करने में दिन-रात जुटे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं और सरकारी भर्ती (Government Vacancy) निकलने का इंतजार करते हैं। इसी बीच केंद्र सरकार के विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली होने का मामला सामने आया है। एक RTI के जरिए मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के कई विभागों में 8,23,656 पद खाली पड़े हैं।
बता दें यह जानकारी मध्य प्रदेश के नीमच निवासी RTI कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ द्वारा मांगी गई जानकारी के जवाब में सामने आई है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की वेतन अनुसंधान इकाई ने 1 मार्च 2024 तक के आंकड़े उपलब्ध कराए हैं।
39 लाख से ज्यादा पद स्वीकृत, 8.23 लाख खाली
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च 2024 तक केंद्र सरकार में कुल 39,23,212 पद स्वीकृत थे। इनमें से 30,99,556 पदों पर कर्मचारी कार्यरत थे। यानी करीब 8.23 लाख पद खाली थे। अब अगर इन आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो केंद्र सरकार के कुल स्वीकृत पदों में लगभग 21 फीसदी पद खाली थे। आसान भाषा में कहें तो केंद्र सरकार के हर पांच स्वीकृत पदों में से करीब एक पद पर कर्मचारी तैनात नहीं था। वहीं इन आंकड़ों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और सरकारी कंपनियों यानी PSU की वैकेंसी शामिल नहीं है। आंकड़े केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में स्वीकृत पदों तथा वहां काम कर रहे कर्मचारियों की संख्या पर आधारित हैं।
रेलवे में 2.40 लाख से ज्यादा पद खाली
केंद्र सरकार के सबसे बड़े विभागों में शामिल भारतीय रेलवे में भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं। आंकड़ों के मुताबिक, रेलवे में 14.79 लाख से ज्यादा पद स्वीकृत हैं। इनमें से 2,40,125 पद खाली पड़े हैं।
रेलवे देश में सबसे बड़े रोजगार देने वाले सरकारी संस्थानों में से एक है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में पद खाली होना नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा है।
रक्षा मंत्रालय में 2.42 लाख पद खाली
रक्षा मंत्रालय के सिविलियन विभाग में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। यहां 5.56 लाख से ज्यादा स्वीकृत पदों में से 2,42,243 पद खाली हैं।
रेलवे और रक्षा मंत्रालय को मिलाकर ही करीब 4.82 लाख पद खाली हो जाते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कुल सरकारी रिक्तियों में इन दोनों विभागों की हिस्सेदारी कितनी बड़ी है।

गृह मंत्रालय में भी एक लाख से ज्यादा वैकेंसी
देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े गृह मंत्रालय में भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं। गृह मंत्रालय में करीब 11.18 लाख स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 1,10,885 पद रिक्त बताए गए हैं।
रेलवे, रक्षा और गृह मंत्रालय को मिलाकर खाली पदों की संख्या करीब 5.93 लाख हो जाती है। यानी केंद्र सरकार के कुल खाली पदों का बड़ा हिस्सा इन्हीं तीन विभागों से जुड़ा है।
डाक और राजस्व विभाग में भी हजारों पद खाली
डाक विभाग में कुल 2,53,124 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 61,546 पद खाली हैं। डाक विभाग का सीधा संबंध देशभर में आम लोगों को मिलने वाली सेवाओं से है। वहीं राजस्व विभाग में 1,79,374 स्वीकृत पदों में से 69,662 पद खाली हैं। यह विभाग टैक्स और राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण काम संभालता है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में भी करीब 34 फीसदी पद खाली हैं। यहां 5,420 स्वीकृत पदों में से 1,855 पद रिक्त बताए गए हैं।
पशुपालन और मत्स्य विभाग में भी स्टाफ की कमी
पशुपालन एवं डेयरी विभाग में 2,393 स्वीकृत पदों में से केवल 1,015 कर्मचारी काम कर रहे थे। यानी यहां 1,378 पद खाली थे।
मत्स्य विभाग में 664 स्वीकृत पदों में से 200 पद रिक्त थे। इससे पता चलता है कि कर्मचारियों की कमी केवल बड़े मंत्रालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई छोटे और विशेषज्ञता वाले विभाग भी इससे प्रभावित हैं।
PMO और राष्ट्रपति सचिवालय में भी पद खाली
केंद्र सरकार के शीर्ष प्रशासनिक कार्यालय भी इस कमी से अछूते नहीं हैं। राष्ट्रपति सचिवालय में कुल 803 स्वीकृत पदों में से 287 पद खाली थे। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO में 441 स्वीकृत पदों में से 126 पद रिक्त थे। यह कुल स्वीकृत पदों का करीब 28.57 फीसदी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों में भी रिक्तियां
शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी कई पद खाली हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 27,427 स्वीकृत पदों में से 1,582 पद खाली थे। वहीं स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग में 62 स्वीकृत पदों में से 34 पद रिक्त थे। आयुष विभाग में 432 पदों में से 233 पद खाली बताए गए हैं। उच्च शिक्षा विभाग में 1,414 स्वीकृत पदों में से 522 पद रिक्त थे। वहीं विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में 365 पदों में से 87 पद खाली थे।
युवाओं के लिए क्या मायने?
केंद्र सरकार में लाखों पद खाली होने का आंकड़ा ऐसे समय सामने आया है जब देश में सरकारी नौकरियों को लेकर युवाओं के बीच लगातार प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। खाली पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने पर बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें किसी पद के स्वीकृत होने और उस पर तुरंत भर्ती होने के बीच कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं होती हैं। इसलिए खाली पदों की संख्या को सीधे तौर पर आगामी भर्तियों की संख्या नहीं माना जा सकता। ऐसे में फिलहाल RTI से सामने आए ये आंकड़े केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में मैनपावर की बड़ी कमी की तस्वीर जरूर दिखाते हैं। खासकर रेलवे, रक्षा और गृह मंत्रालय में खाली पदों की संख्या सबसे ज्यादा है, जिससे इन विभागों में भर्ती और कर्मचारियों की उपलब्धता पर सवाल उठते हैं।
ये भी पढ़ें: LPG Rules 2026: सरकार का बड़ा फैसला, PNG कनेक्शन लिया तो छोड़ना होगा गैस सिलेंडर? जान लें ये जरूरी नियम



