Rahul Gandhi BJP Reaction: कांग्रेस के प्रमुख नेता राहुल गांधी ने गुरुवार के दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर निशाना साधा है। जिसके बाद केंद्र सरकार पर की गई तीखी टिप्पणियों को लेकर बीजेपी ने पलटवार किया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने राहुल के इस बयान को लेकर प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताया है। जिसमें उनका कहना है की राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के लिए संस्कारहीन, अश्लील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्रियों ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। ऐसे में आइए जानते हैं यहां पूरी खबर
राहुल गांधी ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बीजेपी– आरएसएस पर जमकर हमला बोला है। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने की बात कही है।
राहुल गांधी की टिप्पणियों के बाद BJP नेताओं ने उनके बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया। जिसमें बीजेपी का आरोप है कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को प्रधानमंत्री और सरकार की नीतियों की आलोचना करते समय राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है, जो प्रधानमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। विपक्ष को सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ-साथ देश के सामने सकारात्मक विकल्प भी रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी गंभीर राजनीतिक बहस के बजाय मीम और सोशल मीडिया की राजनीति पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक शैली से करते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री का वैश्विक नेतृत्व और आर्थिक दृष्टिकोण है, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी की ओर से मीम, मिमिक्री और कथित अभद्र बयानबाजी देखने को मिलती है।
राहुल गांधी द्वारा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आज जिस प्रकार की संस्कारहीन, अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, वह नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद की गरिमा के बिल्कुल विपरीत है।
देश को ऐसे नेता प्रतिपक्ष की आवश्यकता है जो सकारात्मक विपक्ष की भूमिका… pic.twitter.com/q2icLEv1pb
— Bansuri Swaraj (@BansuriSwaraj) August 13, 2026
पुष्कर सिंह धामी बोले- राजनीति की मर्यादा का ध्यान रखें
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा लगातार खराब होती जा रही है। धामी के मुताबिक, देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को भारतीय राजनीति की मर्यादा पर कलंक बताया। धामी ने कहा कि जनता सिर्फ नेताओं के राजनीतिक बयानों को नहीं देखती, बल्कि उनके शब्दों, संस्कार और सोच का भी मूल्यांकन करती है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसी वजह से देश की जनता कांग्रेस को लगातार नकार रही है और भविष्य में भी पार्टी को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राहुल गांधी की भाषा दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। देश के प्रधानमंत्री के लिए इस स्तर की भाषा का प्रयोग किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
यह भारत की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति की मर्यादा पर कलंक है।
जनता इनके शब्द भी देख रही है, संस्कार भी… pic.twitter.com/t3pUv3Z8er
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 13, 2026
प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी को घेरा
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश को चलाने के लिए परिपक्व नेतृत्व की जरूरत है, न कि नौसिखिया नाटकीयता की।
जोशी ने राहुल गांधी की ओर से लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार पर की गई टिप्पणी को राजनीतिक अपरिपक्वता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के करोड़ों लोगों ने चुनाव के जरिए चुना है। ऐसे में प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक टिप्पणी करना उन मतदाताओं के जनादेश का भी अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी से लोकतांत्रिक फैसले और जनता के जनादेश का सम्मान करने की अपील की। साथ ही कहा कि विपक्ष को सरकार का विरोध करते समय अपनी जिम्मेदारी और मर्यादा को नहीं भूलना चाहिए।
गजेंद्र शेखावत का राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमला
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी की और कहा कि उनके परिवार में कई लोग देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं, लेकिन राहुल गांधी जानते हैं कि वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।
शेखावत ने राहुल गांधी के बयानों को कथित राजनीतिक हताशा से जोड़ते हुए कहा कि समय के साथ यह हताशा बढ़ती जा रही है। उनके इस बयान को बीजेपी की ओर से राहुल गांधी पर किए गए व्यक्तिगत हमलों में शामिल किया जा रहा है।
अनिल बलूनी ने संसद में हंगामे को लेकर कांग्रेस को घेरा
BJP सांसद अनिल बलूनी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी लगातार नारेबाजी और हंगामे के जरिए संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
बलूनी के मुताबिक, राहुल गांधी ने पहले जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग की थी। इस मुद्दे पर चर्चा होने के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की।
बीजेपी सांसद ने दावा किया कि सरकार की ओर से गृह मंत्री के जवाब को लेकर लिखित आश्वासन दिए जाने के बावजूद राहुल गांधी बाद में उस जवाब को सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य संसद को सुचारू रूप से चलने देने के बजाय लगातार हंगामा करना है।
बीजेपी-कांग्रेस के बीच बढ़ सकती है जुबानी जंग
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में एक ओर कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों, प्रधानमंत्री की विदेश नीति और दूसरे मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी राहुल गांधी की भाषा और विपक्ष की भूमिका को लेकर कांग्रेस पर हमला कर रही है। बता दें फिलहाल दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का एक बड़ा हिस्सा बन सकता है।
ये भी पढ़ें: Rahul Gandhi: पीएम मोदी पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा- जब तक इस्तीफा नहीं, तब तक जारी रहेगी लड़ाई




