Weather Update: भारत के कई राज्यों में इन दिनों मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश के बावजूद गर्मी और हीटवेव का खतरा बना हुआ है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए केरल के वायनाड और कासरगोड जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ट्रैकिंग और पर्यटन गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है। इन राज्यों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का कहर
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में अगले कई दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
केरल में प्रवेश के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुछ ही दिनों में यह कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा तक पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 3 दिनों के भीतर मानसून पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है।
वहीं, अगले 10 दिनों के दौरान बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मानसून की एंट्री होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मानसून की रफ्तार कुछ समय के लिए धीमी पड़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत में मानसून को आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत सिस्टम बनने की जरूरत होगी।

दिल्ली-NCR में कब पहुंचेगा मानसून?
IMD के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मानसून 25 से 30 जून के बीच दस्तक दे सकता है। पिछले वर्ष मानसून 25 जून को दिल्ली पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल दिल्ली-NCR में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ झोंकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि 8 जून से 12 जून के बीच मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।
9 जून से हीटवेव का नया दौर
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और मानसून की गतिविधियों के बीच देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 9 जून से हीटवेव के नए दौर की चेतावनी दी है। ओडिशा के कई शहरों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के वाराणसी, कानपुर, बांदा और प्रयागराज में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई लेटेस्ट अपडेट, 7 जून तक पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में लू चलने और गर्म रातें रहने की संभावना है। इसके अलावा 9 से 11 जून के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी राजस्थान में भी हीटवेव (Heatwave) का असर देखने को मिल सकता है।
आज इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 6 जून को केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है।
7 जून को कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, 7 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में बारिश जारी रहने का अनुमान है। राजस्थान के कई हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी मौसम का यही रुख बना रहेगा।
ये भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी को बॉलीवुड सितारों का मिल रहा बढ़-चढ़कर समर्थन, ऋचा चड्ढा बोलीं- मैं आपके साथ



