दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो चुका है। राजधानी की हवा इतनी जहरीली हो गई कि लोगों का अब सांस लेना तक मुश्किल होता जा रहा है। देखा जाए तो पानी की गुणवत्ता भी लगातार गिर रही है। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जब सरकार साफ हवा और साफ पानी मुहैया नहीं करा पा रही, तब कम से कम ऐसे उपकरणों पर टैक्स को ही हटा दें, जिनसे लोग खुद को बचाने की कोशिश कर लें।
एयर प्यूरीफायर पर कम करें टैक्स: केजरीवाल
इस संदर्भ में केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत की हवा गंभीर स्तर पर पहुंच चुकी है। लोग अपने घरों में सुरक्षित रहने के लिए एयर प्यूरीफायर खरीदने जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें 18% GST देना पड़ता है।
इस विषय पर उन्होंने कहा है कि यह जनता के साथ सीधा-सीधा अन्याय है। केजरीवाल ने कहा कि साफ हवा और साफ पानी हर नागरिक का मूल अधिकार है और सरकार को इन प्रोडक्ट्स पर टैक्स तुरंत खत्म करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब समाधान नहीं दे सकते, तो कम से कम जनता से वसूली तो बंद करें।

दिल्लीवासियों की सेहत दिन पर दिन हो रही खराब
AAP ने केंद्र सरकार और बीजेपी शासित एमसीडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर इतना खराब है कि अस्पतालों के बाहर मरीजों की भीड़ दिन पर दिन बढ़ रही है। स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य पर भी काफी असर देखने को मिल रहा है। इन सब के बावजूद भी एमसीडी और केंद्र सरकार की तरफ से कोई सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार जनता को कर रही अनदेखा
AAP ने दावा किया है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली एमसीडी ने अपने दफ्तरों और मंत्रियों के लिए करीब साढ़े 5 लाख रुपए के एयर प्यूरीफायर लगवाए हैं, जबकि आम जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड बताते हुए कहा कि सरकार अपने लिए सुविधाएं जुटा रही है, लेकिन जनता की सेहत को अनदेखी कर रही है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बीजेपी की वजह से दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शुमार हो गई है। साथ ही सरकार प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े छिपा रही है और इस बात का संदेश देने की कोशिश कर रही है कि हालात नियंत्रण में हैं। AAP ने यह भी याद दिलाया कि खुद देश के मुख्य न्यायाधीश ने बताया कि दिल्ली के प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी है।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक का घमासान तेज, सीएम सिद्धारमैया ने कहा-हाईकमान जैसा कहेगा वही मानूंगा, होगी ब्रेकफ़ास्ट मीटिंग



