Delhi News: दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। बता दें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मंगलवार के दिन बारापुला फेज-3 कॉरिडोर (Barapulla Phase-3 Corridor) का उद्घाटन किया। साथ ही, इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, इस कॉरिडोर (Corridor) के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली से दक्षिण और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को एक नया और आसान रास्ता मिलेगा। दरअसल लंबे समय से अधूरी पड़ी इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। ऐसे में आइए यहां जानें खबर को लेकर पूरी जानकारी
11 साल से चल रहा था परियोजना का इंतजार
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर को साल 2014 में मंजूरी मिली थी। जिसके बाद इस परियोजना के तहत मयूर विहार से सराय काले खां तक एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, कई तरह की प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों के कारण यह परियोजना लंबे समय तक पूरी नहीं हो सकी।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि परियोजना कई वर्षों तक अधूरी पड़ी रही। उनके मुताबिक, जब उन्होंने परियोजना का निरीक्षण किया तो कॉरिडोर का एक हिस्सा बन चुका था, जबकि बीच का बड़ा हिस्सा अधूरा था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना को पूरा करने में भूमि अधिग्रहण, पेड़ों की कटाई की अनुमति और हाई टेंशन वायर हटाने जैसी कई जरूरी मंजूरियां चुनौती बनी हुई थीं। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों के बाद जरूरी स्वीकृतियां पूरी कराई गईं और अब यह परियोजना जनता को समर्पित की गई है।
आज दिल्ली के विकास की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के करकमलों से ₹1,941 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ। समस्त… pic.twitter.com/Fztk02J5eK
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 29, 2026
प्रवेश वर्मा ने कहा- 11 वर्षों का इंतजार खत्म
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने बारापुला फेज-3 के उद्घाटन को दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इस परियोजना के पूरा होने का करीब 11 साल से इंतजार कर रही थी।
प्रवेश वर्मा के अनुसार, परियोजना में कई एनओसी की जरूरत थी और अलग-अलग कारणों से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन अड़चनों को दूर कर परियोजना को पूरा किया है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में कई अन्य रुकी हुई परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके मुताबिक, मुकरबा अंडरपास, सावित्री फ्लाईओवर और मोदी मिल फ्लाईओवर से जुड़े काम भी आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की कार्ययोजना को दिल्ली की आने वाली जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली का सफर होगा आसान
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर शुरू होने के बाद पूर्वी दिल्ली के लोगों को दक्षिणी और मध्य दिल्ली की ओर जाने के लिए एक अतिरिक्त मार्ग मिलेगा। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी जैसे मौजूदा रास्तों के अलावा एक और मार्ग मिलेगा। रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लोगों को इससे यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का सबसे सीधा फायदा मयूर विहार फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के लोगों को मिलने की संभावना है। इसके अलावा चिल्ला गांव के वाहन चालकों के लिए भी दक्षिण दिल्ली की ओर जाने का नया विकल्प उपलब्ध होगा।
लक्ष्मी नगर, शकरपुर और पटपड़गंज जैसे इलाकों के लोगों को भी मयूर विहार के रास्ते इस कॉरिडोर तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। इससे दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिल सकता है और विकास मार्ग तथा आईटीओ की ओर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।
आनंद विहार से दल्लूपुरा तक के लोगों को भी फायदा
पूर्वी दिल्ली के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी इस कॉरिडोर का लाभ मिल सकता है। आनंद विहार, कड़कड़डूमा, विवेक विहार, वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा से आने वाले वाहन चालकों को दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने के लिए एक अतिरिक्त मार्ग मिलेगा।
बारापुला फेज-3 के शुरू होने से इन इलाकों के लोगों को पुराने व्यस्त मार्गों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हालांकि, वास्तविक ट्रैफिक राहत का असर कॉरिडोर पर वाहनों के दबाव और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था के अनुसार सामने आएगा।
दिल्ली के ट्रैफिक के लिए क्यों अहम है यह कॉरिडोर?
पूर्वी दिल्ली में बड़ी आबादी रहती है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग नौकरी, शिक्षा, कारोबार और अन्य कामों के लिए मध्य और दक्षिणी दिल्ली की ओर जाते हैं। ऐसे में नया कनेक्टिविटी रूट मिलने से यात्रा के विकल्प बढ़ेंगे।
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के जरिए मयूर विहार और सराय काले खां के बीच सीधा संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। परियोजना का उद्देश्य दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करना और सड़क यातायात को बेहतर तरीके से वितरित करना है।
कुल मिलाकर, लंबे इंतजार के बाद बारापुला फेज-3 कॉरिडोर अब आम लोगों के लिए शुरू हो गया है। वहीं, अब आने वाले समय में इसके इस्तेमाल से पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर और ट्रैफिक व्यवस्था पर इसका असर देखने को मिलेगा।



