Delhi Building Collapse: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच आज रविवार के दिन दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि यहां शिव मंदिर के पास एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस बिल्डिंग में PG चल रहा था और यहां कई छात्र रहते थे। ऐसे में मलबे के अंदर छात्रों समेत कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। बचाव दल भारी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
दोपहर करीब 1:33 बजे मिली हादसे की सूचना
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1 बजकर 33 मिनट पर बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस, फायर सर्विस, CATS एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक कई लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती अपडेट में 2 लोगों को सुरक्षित निकालने की बात कही गई, जबकि बाद की जानकारी के मुताबिक 3 से 4 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने लोग इमारत के अंदर मौजूद थे और कितने लोग मलबे में फंसे हुए हैं। रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाकर स्थिति का पता लगाने में जुटी है।
PG में रहते थे छात्र, कई के फंसे होने की आशंका
बताया जा रहा है कि जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां PG की सुविधा थी। यहां अलग-अलग जगहों से आए छात्र रहकर पढ़ाई करते थे। इसी वजह से मलबे में कई छात्रों के फंसे होने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है।
आरके पुरम के विधायक अनिल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में रहने वाले छात्रों की सही संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं है। उनके मुताबिक, कुछ छात्रों की ओर से अंदर से फोन किए जाने की जानकारी भी मिली है। इससे आशंका है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं।
विधायक ने कहा कि NDRF और MCD की टीमों ने कुछ छात्रों को बचाया है और बाकी लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन का पूरा ध्यान फिलहाल लोगों की जान बचाने पर है।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में हुए हादसे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, एहतियात के तौर पर हादसे के आसपास की एक इमारत को खाली करा लिया गया है। प्रशासन की ओर से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश वर्मा भी सक्रिय
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी हादसे पर चिंता जताते हुए जल्द से जल्द लोगों को मलबे से बाहर निकालने की बात कही। वहीं मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। वहीं, सभी एजेंसियां मिलकर मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रही हैं। मौके पर राहत कार्य लगातार जारी है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर बेहद चिंताजनक है। मलबे में DU के छात्रों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है।
छात्रों और आम लोगों की सुरक्षा के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
DU प्रशासन और सरकार तुरंत युद्धस्तर… pic.twitter.com/fwAzkV92tS
— NSUI (@nsui) September 6, 2026
NSUI ने सरकार पर उठाए सवाल
सत्य निकेतन हादसे को लेकर NSUI ने भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना बेहद चिंताजनक है और मलबे में DU के छात्रों के फंसे होने की जानकारी सामने आ रही है।
NSUI ने छात्रों और आम लोगों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की है। संगठन ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि इमारत के मलबे में कुल कितने लोग फंसे हैं। बचाव टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं। प्रशासन की कोशिश है कि अंदर फंसे सभी लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
ये भी पढ़ें: Delhi News: पीएम मोदी ने SRCC की उपलब्धियों को सराहा, कहा- हर क्षेत्र में बनाई अलग पहचान



