PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड (Mann Ki Baat 138th Episode) में देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल (Surgical Strike 10 Years) पूरे होने, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना, नशामुक्ति अभियान, पोषण, पर्यावरण और स्थानीय उत्पादों से जुड़े कई विषयों का जिक्र किया। ऐसे में आइए यहां जानें पीएम मोदी ने मन की बात में क्या कहा है।
सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल का किया जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) के जिक्र से की। उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की थी। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारतीय जवानों ने LoC के पार जाकर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने इसे भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
जनगणना को लेकर पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री ने देश में चल रही जनगणना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों में भी जनगणना का काम जारी है। साथ ही, उन्होंने जनगणना को देश का राष्ट्रीय दायित्व बताया और लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की। पीएम मोदी ने बताया कि नागरिक मोबाइल के जरिए भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा हिंदी समेत 16 भाषाओं में उपलब्ध है। उनके अनुसार, अब तक 2.60 करोड़ से अधिक लोगों ने मोबाइल के जरिए स्व-गणना की है।
अशोक सिंघल को किया याद
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को अशोक सिंघल की 100वीं जन्म जयंती है। प्रधानमंत्री ने उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान का उल्लेख करते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े उनके कार्यों को याद किया।

मोढेरा के सूर्य मंदिर का जिक्र
पीएम मोदी ने गुजरात के मोढेरा स्थित सूर्य मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1026 ईस्वी में सोमनाथ पर हुए हमले के दौरान मोढेरा के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर पर भी हमला हुआ था। प्रधानमंत्री ने मोढेरा के मौजूदा स्वरूप और गांव के सोलर विलेज के रूप में विकसित होने का भी जिक्र किया।
मैंग्रोव से महिलाओं को मिला रोजगार
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के सुंदरबन क्षेत्र की महिलाओं के प्रयासों की भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि झारखाली की कई महिलाएं मैंग्रोव के जंगल तैयार करने में योगदान दे रही हैं। इनमें ऐसी महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने बाघ के हमले में अपने पति को खो दिया था।
पीएम मोदी ने कहा कि इन महिलाओं द्वारा लगाए गए मैंग्रोव गांवों के लिए प्राकृतिक सुरक्षा-कवच का काम कर रहे हैं। साथ ही, इससे महिलाओं को आजीविका का साधन भी मिल रहा है।
नशामुक्ति अभियान पर युवाओं से अपील
प्रधानमंत्री ने युवाओं के बीच चल रहे ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत युवाओं ने खुद नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है और दूसरे लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी ली है। यह अभियान 100 सप्ताह तक चलाया जाएगा।
कुपोषण से लड़ने के लिए राज्यों की पहल
पीएम मोदी ने कुपोषण के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का जिक्र किया, जिसके तहत लोगों को मुनगा यानी मोरिंगा को भोजन में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने गुजरात में मिलेट्स से बने व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित प्रतियोगिता और मिजोरम में पोषण वाटिकाओं से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया।
प्रतापगढ़ के आंवले की भी चर्चा
‘मन की बात’ में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के आंवले का भी जिक्र हुआ। पीएम मोदी ने बताया कि आंवला प्रोसेसिंग से जुड़ी करीब 100 यूनिट वहां काम कर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आंवले से कैंडी, मुरब्बा और जूस जैसे उत्पाद तैयार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के जरिए इन उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंच मिल रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर भी बन रहे हैं।
इस तरह ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने सुरक्षा और आतंकवाद से लेकर जनगणना, युवाओं, पोषण, पर्यावरण और स्थानीय उत्पादों तक कई मुद्दों पर बात की है।
ये भी पढ़ें: Karnataka News: ईसी विवाद पर DK शिवकुमार का बड़ा दावा, कहा- राहुल गांधी और खड़गे की बात अब सही साबित हो रही



