Monsoon Alert: अगस्त की शुरुआत के दिन से ही भारत के कई राज्यों में मानसून की बारिश का दौर जारी है। दिल्ली समेत अन्य कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने गर्मी से काफी राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 10 अगस्त को उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश होने की चेतावनी जारी की है, वही, IMD ने कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट दिया है।
मौसम विभाग की लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तटीय इलाकों में भी बारिश का दौर बना रहेगा। ऐसे में 10 अगस्त को कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां जानें अपने शहर के (Weather Latest Update) मौसम से जुड़ी हर एक लेटेस्ट अपडेट।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। IMD के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 अगस्त को कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश (Heavy Rain Alert) हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 9 से 13 अगस्त के दौरान बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 10 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में भी 9 और 10 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने अनुसार, 10 अगस्त से लेकर आने वाले कुछ दिनों तक पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार हिमाचल में 12 से 14 अगस्त के दौरान भी भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 9 से 15 अगस्त के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 से 13 अगस्त के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 10 से 12 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

बिहार, झारखंड समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
वहीं, IMD का यह भी कहना है कि झारखंड और ओडिशा में 10 से 15 अगस्त के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 10 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि ओडिशा में 10 अगस्त और 12 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। साथ ही बिहार में 10 से 12 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 से 15 अगस्त के बीच बारिश का दायरा बढ़ने और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 10 से 15 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
- मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 से 12 अगस्त के दौरान कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 10 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 11-12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट ( IMD Rain Alert) दिया गया है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 10 और 11 अगस्त को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। वहीं छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त और फिर 12 से 15 अगस्त के दौरान कई इलाकों में बारिश (Heavy Rain Alert) हो सकती है। राज्य में 10 से 12 अगस्त के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
- असम और मेघालय में 12 से 15 अगस्त के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश में भी 11 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 से 15 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी होगी आज बारिश
मौसम विभाग की अपडेट के अनुसार, कोंकण और गोवा में 10 से 15 अगस्त के दौरान कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी आज से लेकर 15 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। गुजरात में भी 9 और 10 अगस्त को मौसम खराब रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाएं
मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 10 से 15 अगस्त के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 10 अगस्त को इन इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में 10 से 12 अगस्त के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 से 15 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने जारी की जरूरी सलाह
IMD ने लोगों से मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरी सलाह दी है। खासतौर पर पहाड़ी और भारी बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर अपनी नजरें बनाएं रखने को कहा है।
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी के काफिले को प्रदर्शनकारियों ने घेरा, कीचड़ के साथ बरसाए जूते-चप्पल और बड़े-बड़े पत्थर



