PM Modi Mumbai Visit: मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। बता दें यहां स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। जिसमें पुलिस का कहना है कि, दोनों संदिग्ध कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास कथित तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO का फर्जी पहचान पत्र मिला, जबकि दूसरे के पास बंदूक होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्ध कार्यक्रम स्थल तक किस मकसद से पहुंचे थे और उनके पास फर्जी पहचान पत्र और हथियार कैसे आया। ऐसे में आइए यहां पढ़ें खबर को लेकर विस्तार से पूरी जानकारी
खुद को PMO अधिकारी बता रहा था युवक
मुंबई पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में 24 वर्षीय रोहन पारेख भी शामिल है। बताया जा रहा है कि उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया था। वह कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र के जरिए कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस को उसके पहचान पत्र पर संदेह हुआ। इसके बाद जब दस्तावेज की जांच की गई तो वह कथित तौर पर फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, रोहन पारेख ड्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़ा कारोबार करता है और मुंबई के खार इलाके में रहता है। पुलिस अब उसके दावे, पहचान और NMACC पहुंचने के उद्देश्य की जांच कर रही है।
साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास मिली बंदूक
बता दें इस मामले में दूसरा अहम पहलू यह है कि रोहन पारेख के साथ एक बॉडीगार्ड भी मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास बंदूक थी। फर्जी पहचान पत्र और हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बॉडीगार्ड के पास मौजूद हथियार वैध था या नहीं और उसे कार्यक्रम स्थल तक लेकर आने की अनुमति थी या नहीं। इसके अलावा दोनों के बीच संबंध और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की पूरी योजना की भी जांच की जा रही है।
BKC थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों संदिग्धों के खिलाफ BKC थाने में मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के बाद केस को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंपा गया है। जांच एजेंसी फर्जी पहचान पत्र, हथियार और दोनों संदिग्धों की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों ने इससे पहले किसी अन्य कार्यक्रम या संवेदनशील स्थान में प्रवेश करने के लिए इसी तरह की पहचान का इस्तेमाल किया था। इसके लिए उनके दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा सकती है।
PM मोदी के कार्यक्रम से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
यह पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के BKC इलाके में एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। प्रधानमंत्री का जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का शुभारंभ करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए BKC और आसपास के इलाकों में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में NMACC से दो संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
फर्जी ID से प्रवेश की कोशिश ने बढ़ाई चिंता
ऐसे में किसी संवेदनशील कार्यक्रम स्थल में PMO अधिकारी होने का दावा करते हुए फर्जी पहचान पत्र के साथ प्रवेश करने की कोशिश को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। खासतौर पर तब, जब उसी व्यक्ति के साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति के पास हथियार भी मिला हो। हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई है और दोनों संदिग्धों के वास्तविक उद्देश्य को लेकर आधिकारिक तौर पर अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए मामले से जुड़े किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच के नतीजों का इंतजार करना जरूरी है।
अदालत में पेश किए जाएंगे संदिग्ध
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों संदिग्धों को मुंबई के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जाएगा। अदालत में पेशी के बाद पुलिस को पूछताछ और जांच के लिए आगे की प्रक्रिया की अनुमति मिल सकती है। फिलहाल क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी PMO पहचान पत्र तैयार कराने या इस्तेमाल करने के पीछे क्या उद्देश्य था। साथ ही बंदूक रखने वाले व्यक्ति के हथियार से जुड़े दस्तावेजों और लाइसेंस की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: PM Modi Vadodara: ‘झूठ की गूंज’ के बीच युवाओं से पीएम मोदी का आह्वान, कहा- सच के साथ आगे बढ़ेगा भारत



