देश में डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहे हैं और आज ज्यादातर लोग खरीदारी, बिल भुगतान और रिचार्ज के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं।
छोटे दुकानदार से लेकर बड़े मॉल तक, मोबाइल से पेमेंट अब आम बात हो गई है।
इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए PhonePe ने अपने यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट किया है।
अब 5000 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन में हर बार पिन डालना जरूरी नहीं होगा।
इसके बजाय कंपनी ने बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर शुरू किया है।
यूजर अब फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक के जरिए पेमेंट कर सकेंगे।
इसका फायदा उन लोगों को होगा जो रोजमर्रा की छोटी-छोटी खरीदारी करते हैं, जैसे किराना, दवा, फूड डिलीवरी या कैब पेमेंट।
5000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन में स्मार्टफोन का इनबिल्ट सिक्योरिटी सिस्टम दूसरी सुरक्षा परत की तरह काम करेगा।
मतलब अगर आपके फोन में फिंगरप्रिंट या फेस लॉक सेट है, तो उसी के जरिए पेमेंट पूरा हो जाएगा।
बड़े अमाउंट वाले लेनदेन के लिए UPI पिन पहले की तरह ही जरूरी रहेगा।
कंपनी का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया है।
इस कदम का मकसद पेमेंट प्रोसेस को आसान बनाना और समय बचाना है।