By-Election 2026: देश के चार राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव (By-Election) के लिए आज मतदान जारी है। जिसमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की इन सीटों पर सुबह से ही मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंच रहे हैं। बता दें चुनाव आयोग के दोपहर 1:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम में सबसे ज्यादा 60.32% मतदान हुआ है।
वहीं, रेजीनगर में 56.43%, नगांव लोकसभा सीट पर 56.35%, थट्टनचावडी में 56.27%, धारापुरम में 56.09% और मदुरंतकम में 55.19% वोटिंग दर्ज की गई। इस बीच रेजीनगर से विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऐसे में आइए यहां पढ़ें पूरी खबर
नंदीग्राम में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर 1:30 बजे तक यहां 60.32 फीसदी मतदान हो चुका था। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी नंदनयकबार प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से जीत हासिल की थी। हालांकि, नियम के अनुसार दो सीटों से चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार को एक सीट छोड़नी होती है। इसी वजह से नंदीग्राम सीट खाली हुई और यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
रेजीनगर में हुमायूं कबीर हिरासत में
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने उनके कार्यालय से हिरासत में लिया।
बेलडांगा के एसडीपीओ आनंदजीत होरे के मुताबिक, कानून का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले हुमायूं कबीर ने पुलिस पर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया था। उनकी हिरासत के बाद रेजीनगर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
असम की नगांव लोकसभा सीट पर 56.35% मतदान
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे तक यहां 56.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। यहां भाजपा के देबाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल के बीच चुनावी मुकाबला है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के बीच लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पुडुचेरी की सीट पर भी तेज वोटिंग
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदान की रफ्तार अच्छी है। दोपहर 1:30 बजे तक यहां 56.27 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाल दिया था।
सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
तमिलनाडु की दोनों सीटों पर भी अच्छी वोटिंग
तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम विधानसभा सीटों पर भी मतदाता बड़ी संख्या में वोट डाल रहे हैं। चुनाव आयोग के दोपहर 1:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, धारापुरम में 56.09 प्रतिशत और मदुरंतकम में 55.19 प्रतिशत मतदान हुआ है। इससे पहले सुबह 11 बजे तक धारापुरम में 37.28 प्रतिशत और मदुरंतकम में 35.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यानी दोपहर तक दोनों सीटों पर मतदान प्रतिशत में अच्छी बढ़ोतरी हुई।
धारापुरम सीट पर अन्नाद्रमुक (AIADMK) उम्मीदवार भानुमति ने टीवीके (TVK) पर पैसे और तोहफे बांटने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, चुनाव के दौरान लगे इन आरोपों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।
शाम 6 बजे तक होगा मतदान
चार राज्यों की इन छह सीटों पर सुबह से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान खत्म होने के बाद सभी सीटों पर पड़े वोटों की गिनती तय कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी। फिलहाल चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन की नजर शांतिपूर्ण मतदान कराने पर है।
उपचुनाव 2026 की 6 सीटों का वोटिंग प्रतिशत
- नंदीग्राम, पश्चिम बंगाल: 60.32%
- रेजीनगर, पश्चिम बंगाल: 56.43%
- नगांव, असम: 56.35%
- थट्टनचावडी, पुडुचेरी: 56.27%
- धारापुरम, तमिलनाडु: 56.09%
- मदुरंतकम, तमिलनाडु: 55.19%
ये भी पढ़ें: Patna News: पटना के बेहरावां में हुआ बड़ा हादसा, पुलिस कार्रवाई के बीच नदी में कूदे 60 लोग, 2 की डूबने से मौत



