Abhijeet Dipke Detained: मुंबई से दिल्ली आ रही AI 2428 फ्लाइट से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की हिरासत कर ली गई है। इस दौरान विमान में काफी हलचल देखने को मिली। दरअसल, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका इसी विमान से दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे थे, लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही उन्हें एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया।
बता दें कि विमान में मौजूद यात्रियों ने भी CJP के नेताओं के खिलाफ अपनी बातों को रखा, जिसके चलते सौरव दास एक महिला यात्री पर कुछ पल के लिए भड़कते हुए दिखाई दिए। इस पूरे मामले के बाद यह घटना काफी चर्चा में बन गई।
मुंबई एयरपोर्ट पर क्या हुआ?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली में CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार से ही मीडिया की नजरें पार्टी के नेताओं पर थीं। सभी जानना चाहते थे कि अभिजीत दिपके और उनके साथी दिल्ली कब और किस तरह पहुंचेंगे।
जानकारी के मुताबिक, दिपके सुबह करीब 6:50 बजे मुंबई के वर्ली स्थित फोर सीजन्स होटल (Four Seasons Hotel) से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में कई ट्रेनों को रद्द किए जाने और बंद जैसी परिस्थितियों के बीच सरकार डरी हुई है।
बोर्डिंग गेट (Boarding Gate) पर सबसे पहले दिपके पहुंचे। इसके बाद उन्होंने आशुतोष रांका और सौरव दास का इंतजार किया। फ्लाइट में मौजूद यात्री के अनुसार, दिपके इस बात को लेकर परेशान दिखाई दे रहे थे कि कहीं उनके साथियों के इंतजार में विमान छूट न जाए।
फ्लाइट में भी जारी रही बयानबाजी
तीनों नेताओं को आगे क्या होने वाला है, इसका अंदाजा नहीं था। विमान तक पहुंचने के दौरान बस में भी दिपके का इंटरव्यू लिया जा रहा था। यात्रियों को टर्मिनल-2 से टर्मिनल-1 ले जाया जा रहा था, जिस कारण यह सफर लंबा रहा।
इस दौरान दिपके ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है और इसी वजह से गिरफ्तारियां की जा रही हैं। दिपके ने कहा, “आप पूरी दिल्ली बंद कर सकते हैं, लेकिन हम आएंगे।”उनके इस बयान से साफ था कि पार्टी के नेता दिल्ली में अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं थे।
लैंडिंग के बाद दिपके ने क्या कहा?
मुंबई से दिल्ली पहुंचने के बाद तीनों नेता इकोनॉमी क्लास की पहली पंक्ति में बैठे थे। विमान के उतरने के बाद जब एक यात्री दिपके के पास पहुंचा, तो उन्होंने आगे की कार्रवाई को लेकर आशंका जताई।
दिपके ने कहा, “सबको अंदर कर दिया। हमें भी अंदर कर देंगे।” कुछ देर बाद केबिन क्रू ने यात्रियों से अपनी-अपनी सीटों पर बैठने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस की एक टीम विमान के अंदर पहुंची। टीम का नेतृत्व महिला पुलिसकर्मी कर रही थीं।
पुलिस को देखते ही दिपके ने लाइव वीडियो (Live Video) शुरू कर दिया। इसके बाद पहले आशुतोष रांका, फिर सौरव दास और आखिर में खिड़की के पास बैठे अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया। इस दौरान नेताओं ने ‘भारत माता की जय’ (Bharat Mata ki Jay) के नारे भी लगाए।

यात्रियों ने दिपके के खिलाफ की टिप्पणी
विमान में मौजूद यात्रियों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग थीं। कुछ यात्री CJP नेताओं के समर्थन में दिखाई दिए, जबकि कुछ ने उनके विरोध प्रदर्शन और उन्हें कवर कर रहे मीडिया पर नाराजगी जताई। कुछ यात्रियों ने मीडिया से सवाल करते हुए कहा कि पत्रकारों को नेताओं की कवरेज के लिए पैसे देकर बुलाया गया होगा। इसी बीच एक बुजुर्ग यात्री की टिप्पणी भी चर्चा में आई।
उन्होंने कहा कि अगर दिपके को उनके माता-पिता ने दो चांटे मारे होते, तो बात यहां तक नहीं पहुंचती। वही एक महिला यात्रा ने यह भी कहा कि ‘Shame on You’ तुम सब लोगों की वजह से यह हो रहा है। वही, इस पुरुष यात्रा ने कहा कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ चल रहा है। यह टिप्पणी विमान के अंदर चल रही बहस और नेताओं को लेकर यात्रियों के बीच मौजूद मतभेद को दिखाती है।
‘हम गिरफ्तार होने के लिए ही यहां आए हैं’
इन तीनों को हिरासत में लिए जाने के बाद CJP ने अपना भी एक बयान जारी किया है। पार्टी की ओर से साझा किए गए वीडियो में दिपके को पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, “हम गिरफ्तार होने के लिए ही यहां आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कर लीजिए।” CJP के अनुसार, हिरासत में लेने से पहले पुलिसकर्मियों ने नेताओं को बताया था कि उन्हें जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। वहीं, दिपके ने आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जैसे वे अपराधी हों। वहीं, CJP ने पुलिस की कार्रवाई को अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने की पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा बताया है।
CJP ने की तत्काल रिहाई की मांग
CJP ने अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया। पार्टी ने अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की। ऐसे में इस घटनाओं ने CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन, पुलिस की कार्रवाई और नेताओं के समर्थन-विरोध को लेकर बहस को और तेज कर दिया है।
ये भी पढ़ें: अभिजीत दिपके की दादी का हुआ निधन, हिरासत के बीच अंतिम संस्कार को लेकर हुई चर्चा



