IMD Weather Alert: भारत के कई राज्यों में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली समेत अन्य कई राज्यों में बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
IMD की लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, उत्तराखंड और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में यहां जानें अपने शहर के मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी और आसपास के इलाकों में 9 अक्टूबर को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के साथ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी बादल और बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 9 से 14 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 11 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है।
यूपी-बिहार में बारिश और आंधी का असर
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं, बिहार के कई जिलों में मौसम अस्थिर रह सकता है। कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा आंधी और बिजली कड़कने की स्थिति बन सकती है। IMD के बिहार चेतावनी बुलेटिन के अनुसार, 9 अक्टूबर को राज्य में थंडरस्टॉर्म और बिजली गिरने जैसी मौसमी गतिविधियों की संभावना है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं, देश के पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 9 और 10 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं 9, 11 और 13-14 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 9 और 10 से 14 अक्टूबर के बीच भी कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार समेत पूर्वी भारत में बारिश
दक्षिण भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। केरल में 9 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। IMD ने 10 अक्टूबर को भी केरल के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु में भी 9 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का खतरा बना रह सकता है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10-11 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 9 और 12-14 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में 9 से 14 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ओडिशा में कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
मानसून की विदाई के बीच बदला मौसम
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जारी है, लेकिन इसके बावजूद कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक अलग-अलग मौसम प्रणालियों के कारण बादल, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है। ऐसे में 9 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों में रहने वाले लोगों को मौसम का अपडेट देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी जाती है। वहीं, केरल और तमिलनाडु जैसे दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश के दौरान जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को ड्राई डे, शराब की दुकानें रहेंगी बंद, जानिए क्या है वजह



