Rahul Gandhi Protest: चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर (INDIA Block Protest) के सांसदों का विरोध प्रदर्शन आज मंगलवार को शुरू हो गया। बता दें 140 से ज्यादा सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर मार्च करने निकले। जिसमें पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
वहीं, आकाशवाणी भवन और निर्वाचन सदन के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। जिनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई विपक्षी नेता चुनाव आयोग से करीब 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठ गए हैं। ऐसे में यहाँ जानें खबर लेकर को लेकर पूरी जानकारी

संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च
SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे पर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक विरोध मार्च शुरू किया। मार्च में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की। संसद भवन से कुछ दूरी पर ही पहला बैरिकेड लगाया गया था। निर्वाचन सदन के आसपास भी सुरक्षा का घेरा बढ़ा दिया गया।
राहुल गांधी को आकाशवाणी भवन पर रोका गया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत कई नेता धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के सैकड़ों सांसद चुनाव आयुक्तों से मुलाकात करना चाहते हैं। उनका सवाल था कि जब ये सांसद करोड़ों लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं तो चुनाव आयोग उनसे मिलने के लिए तैयार क्यों नहीं है।
राहुल गांधी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे नेताओं को रोकने और धमकाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
अखिलेश यादव समेत कई नेता हिरासत में
मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ते हुए भी नजर आए।
समाजवादी पार्टी सांसद जिया-उर-रहमान बर्क भी अपने साथियों के साथ पुलिस बैरिकेड तक पहुंचे। वहीं, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन के बाहर जमा हो गए।
3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जानकारी के अनुसार, 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुरुषों की 27 और महिलाओं की 4 कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं।
RAF यानी रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिसकर्मी बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं। नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा भी बॉडी कैमरा के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते दिखाई दिए।
आकाशवाणी भवन के पिछले गेट से लगी लेन पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। इसके अलावा निर्वाचन सदन, संसद भवन और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा है। अखिलेश यादव ने बंगाल और उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान गड़बड़ी के आरोप भी लगाए।
वहीं, समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने दावा किया कि PDA वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए हजारों वोटर रिकॉर्ड सामने रखे थे, लेकिन उन्हें इस मामले में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
संजय राऊत भी प्रदर्शन में शामिल
शिवसेना-UBT सांसद संजय राऊत भी INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च में शामिल होने दिल्ली पहुंचे। उन्होंने भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी नेता केवल चुनाव आयोग के कार्यालय तक पैदल जाना चाहते हैं।
राऊत ने कहा कि उनके पास कोई हथियार नहीं है और वे चुनाव आयोग जाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना चाहते हैं।
AAP ने मार्च से बनाई दूरी
इस पूरे विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी शामिल नहीं हुई। AAP ने साफ किया कि वह SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई अलग तरीके से लड़ रही है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि SIR को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उनके मुताबिक, यह लोगों से जुड़ा मुद्दा है और AAP इसे अपने तरीके से उठा रही है। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक के इस विशेष मार्च में शामिल होना पार्टी का फैसला नहीं है।
ट्रैफिक पर भी पड़ा असर
विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में यातायात को डायवर्ट किया गया है।
फिलहाल राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से करीब 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आकाशवाणी भवन और निर्वाचन सदन के आसपास का इलाका पूरी तरह सुरक्षा घेरे में है।
ये भी पढ़ें: CEC Gyanesh Kumar: ज्ञानेश कुमार पर ‘पीपुल्स महाभियोग’ की तैयारी, EC ऑफिस के बाहर रोका पूर्व अफसरों का दल



