Rajasthan News: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 (Rajasthan Panchayat Chunav 2026) का बिगुल बज चुका है। बता दें राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में चुनाव की तेयारी शुरू हो गई हैं।
वहीं, इस बार पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के साथ पंच और सरपंच के चुनाव भी चार चरणों में कराए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में आइए यहां जानें खबर को लेकर विशेष जानकारी
चार चरणों में होगा पंचायत चुनाव
राजस्थान में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान चार चरणों में कराया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर 2026 को होगा।
वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए भी चार चरणों में मतदान होगा। इन पदों के लिए वोटिंग की तारीखें 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। सभी चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
कब से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया?
पंचायत चुनाव की प्रक्रिया लोक सूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। बता दें पहले चरण के लिए लोक सूचना 8 अक्टूबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने के लिए निर्धारित समय में संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आवेदन करना होगा।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए चरणवार लोक सूचना 8 अक्टूबर, 13 अक्टूबर, 19 अक्टूबर और 21 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

EVM और बैलेट पेपर से होगा मतदान
राजस्थान पंचायत चुनाव में अलग-अलग पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया अलग रहेगी। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए EVM का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे।
दरअसल इस चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी लागू रहेगा। आरक्षण व्यवस्था के तहत कई पद महिलाओं और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
41 जिला परिषद और 457 पंचायत समितियों में चुनाव
राजस्थान के 41 जिलों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव होंगे। इस दौरान 41 जिला परिषदों के 1,403 सदस्यों और 457 पंचायत समितियों के 8,245 सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश की 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला परिषद सदस्य अपने-अपने जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव करेंगे, जबकि पंचायत समिति सदस्य प्रधान का चुनाव करेंगे।
इस बार पंचायत चुनाव के जरिए बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का चुनाव होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक नई पंचायत व्यवस्था का गठन किया जाएगा।
महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी
पंचायतीराज चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महत्वपूर्ण है। उपलब्ध चुनावी जानकारी के अनुसार 41 जिला परिषदों में 20 जगह महिला जिला प्रमुख चुनी जाएंगी, जबकि 457 पंचायत समितियों में बड़ी संख्या में प्रधान पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर भी महिला सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे।
आचार संहिता लागू, इन चीजों पर रहेगी नजर
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सरकारी कामकाज और प्रशासनिक गतिविधियों पर निर्वाचन आयोग के नियम लागू रहेंगे।
चुनाव के दौरान सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल, तबादलों और अन्य प्रशासनिक फैसलों को लेकर भी आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और प्रशासन को चुनाव आचार संहिता के तहत काम करना होगा।
मतदाताओं के लिए जरूरी जानकारी
राजस्थान में पंचायत चुनाव ग्रामीण स्तर पर स्थानीय प्रतिनिधियों को चुनने की प्रक्रिया है। ऐसे में मतदाताओं के लिए यह जानना जरूरी है कि उनके क्षेत्र में किस चरण में मतदान होगा। मतदान केंद्र, उम्मीदवार और संबंधित चुनाव कार्यक्रम की जानकारी के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी देख सकते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की चुनाव संबंधी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: एक नजर में
- कुल चरण: 4
- जिला परिषद: 41
- जिला परिषद सदस्य: 1,403
- पंचायत समितियां: 457
- पंचायत समिति सदस्य: 8,245
- ग्राम पंचायतें: 14,403
- पंचायत समिति/जिला परिषद मतदान: 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर
- पंच/सरपंच मतदान: 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर
- मतदान का समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- महिलाओं के लिए आरक्षण: 50 प्रतिशत
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026 IND vs PAK Final: भारत ने पाकिस्तान को चटाई धूल, 19 रन से जीतकर गोल्ड मेडल किया अपने नाम



